मेट्रोपोलिस मॉल में स्पा सेंटरों पर ताबड़तोड़ छापा, ताले तोड़कर जांच, कई संचालक फरार, अनियमितताएं उजागर, प्रशासन की सख्ती से मचा हड़कंप

Share the news

रुद्रपुर। शहर के मेट्रोपोलिस मॉल में संचालित स्पा सेंटरों पर जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने अचानक छापेमारी कर हड़कंप मचा दिया। सिटी मजिस्ट्रेट के निर्देश पर उत्तम सिंह नेगी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई से स्पा संचालकों में अफरा-तफरी मच गई।

टीम के पहुंचते ही कई संचालक अपने-अपने सेंटरों पर ताले लगाकर मौके से फरार हो गए। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सख्त रुख अपनाया और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कटर मशीन मंगवाकर एक-एक कर सभी संदिग्ध सेंटरों के ताले तुड़वाए। ताले टूटते ही पुलिस टीम अंदर दाखिल हुई और जांच शुरू की।

छापेमारी के दौरान कई स्पा सेंटरों के अंदर युवक-युवतियां संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। पुलिस ने सभी से पूछताछ कर उनकी मौजूदगी और गतिविधियों की जानकारी जुटाई। अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में कई केंद्रों पर नियमों की अनदेखी और संचालन में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं।

प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले स्पा सेंटरों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की। वहीं, जिन सेंटरों के ताले तोड़े गए, वहां सुरक्षा के मद्देनजर पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई है ताकि दोबारा अवैध गतिविधियां शुरू न हो सकें।

इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों में भी चर्चा का माहौल है। निवासियों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि इन स्पा सेंटरों पर पहले भी कई बार छापेमारी और कार्रवाई हो चुकी है, लेकिन कुछ समय बाद ये फिर से संचालित होने लगते हैं। लोगों का कहना है कि जब तक स्थायी समाधान नहीं निकाला जाएगा, तब तक ऐसी कार्रवाईयों का असर सीमित ही रहेगा।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों के विरुद्ध संचालित किसी भी स्पा सेंटर को बख्शा नहीं जाएगा। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि भविष्य में भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा। प्रशासन की इस कार्रवाई को अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है, हालांकि इसकी स्थायी प्रभावशीलता पर सवाल बरकरार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *