सेमल के पेड़ में लगी भीषण आग, हाईटेंशन लाइन पर मंडराया खतरा

Share the news

रुद्रपुर। बाजपुर के रामराज रोड पर गुरुवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे खड़े एक सेमल के पेड़ में अचानक आग भड़क उठी। तेज़ लपटें देखते ही देखते पेड़ की ऊपरी शाखाओं तक पहुंच गईं और इसके बेहद करीब से गुजर रही हाईटेंशन लाइन भी इसकी चपेट में आने से बाल-बाल बच गई। गनीमत रही कि समय रहते आग नियंत्रित हो गई और बड़ा हादसा टल गया।

 

राहगीरों ने पेड़ में लगी आग को देखकर तुरंत घटना की वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दी और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की। कुछ देर तक मौके पर अफरातफरी का माहौल रहा। स्थानीय निवासियों ने बताया कि यदि लपटें बिजली लाइन को छू लेतीं, तो क्षेत्र में गंभीर दुर्घटना हो सकती थी।

 

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि हाईटेंशन लाइन के आसपास मौजूद सूखे और जर्जर पेड़ों की समय-समय पर कटिंग कर उनकी सुरक्षा जांच की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी संभावित हादसे से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *