रुद्रपुर, संवाददाता।
शुक्ला फार्म भदईपुरा क्षेत्र में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब अज्ञात कारणों से टायरों के एक गोदाम और उससे सटी प्लास्टिक दाना फैक्ट्री में भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आस-पास की फैक्ट्रियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की लगभग आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम कनकपुर निवासी गुरप्रीत सिंह की भदईपुरा स्थित बसंत विहार शुक्ला फार्म, तीन पानी के पास “गुरप्रीत इंटरप्राइजेज” के नाम से टायरों की फैक्ट्री और गोदाम है। गुरप्रीत सिंह ने बताया कि बीती रात वह गोदाम बंद कर घर चले गए थे। बुधवार सुबह करीब सात बजे आसपास के लोगों ने गोदाम से धुआं निकलता देखा और उन्हें सूचना दी। मौके पर पहुंचकर उन्होंने तुरंत दमकल विभाग को सूचित किया।
दमकल कर्मियों ने शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो गोदाम और फैक्ट्री के भीतर आग भड़क रही थी। आग की चपेट में आकर मोटरसाइकिल, कार, ट्रक, जीप और पिकअप के सैकड़ों छोटे-बड़े टायर, ऑफिस का सामान और एक बाइक जलकर राख हो गई। आग इतनी भीषण थी कि टायर गोदाम की बिल्डिंग भी ध्वस्त हो गई।
इस अग्निकांड में गुरप्रीत सिंह को लगभग 60 से 70 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। वहीं समीप स्थित प्लास्टिक कुर्सी बनाने की फैक्ट्री भी आग की चपेट में आ गई, जिसमें मशीनें, मोटर और प्लास्टिक दाना जलकर राख हो गया। फैक्ट्री स्वामी के अनुसार उसे करीब 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। फिलहाल अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं। दमकल टीम में महेश चंद्र, नवल प्रभात, प्रकाश पांडे, सुजीत काला सहित अन्य कर्मियों ने आग बुझाने में सराहनीय भूमिका निभाई।




