सरस मेले से लौटती विवाहिता से तमंचे की नोक पर गैंगरेप, वीडियो बनाकर दी जान से मारने की धमकी; देवर की भूमिका पर भी पुलिस की कड़ी जांच शुरू

Share the news

रुद्रपुर। शहर में उस समय सनसनी फैल गई जब सरस मेले से देवर के साथ घर लौट रही एक विवाहिता से तमंचे की नोक पर सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच महिला उपनिरीक्षक को सौंपी गई है।

पुलिस को दी तहरीर में शहर के एक वार्ड निवासी महिला ने बताया कि 22 फरवरी की रात वह अपने देवर के साथ गांधी पार्क में लगे सरस मेले में गई थी। रात करीब नौ बजे जब दोनों मेले से वापस लौट रहे थे और मोदी मैदान के पास पहुंचे, तभी देवर के परिचित बताए जा रहे तीन युवक दो मोटरसाइकिलों से वहां पहुंचे।

आरोप है कि युवकों ने तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और महिला को जबरन अपने साथ ले गए। उसे ठंडी सड़क के पास सुनसान स्थान पर ले जाकर तीनों ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसके बाएं हाथ की उंगली में चोट आई। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने घटना का वीडियो भी बना लिया और वायरल करने की धमकी देते हुए पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की चेतावनी दी।

महिला ने तहरीर में यह भी कहा है कि उसका देवर आरोपियों को जानता है। पुलिस इस पहलू को गंभीरता से लेते हुए देवर से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। घटना से क्षेत्र में रोष व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *