झाड़-फूंक से बीमारी ठीक करने का झांसा, दो लाख से ज्यादा की ठगी, पैसे मांगने पर तांत्रिक शक्ति से जान से मारने की धमकी, पीड़ित ने SSP से की शिकायत

Share the news

रूद्रपुर। जनपद उधम सिंह नगर में झाड़-फूंक और तांत्रिक क्रिया के नाम पर ठगी और धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। बाजपुर क्षेत्र के ग्राम कनोरी निवासी विनोद पुत्र पूरन सिंह ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित विनोद के अनुसार उनकी माता लंबे समय से बीमार चल रही थीं। कई बड़े डॉक्टरों को दिखाने के बावजूद कोई लाभ नहीं मिला, जिससे पूरा परिवार मानसिक रूप से परेशान था। इसी दौरान रूद्रपुर निवासी अली नामक व्यक्ति से संपर्क हुआ, जिसने झाड़-फूंक के जरिए माता को ठीक करने का दावा किया। आरोपी ने घर में “माया दबे होने” की बात कहकर उसे निकालने के नाम पर झाड़-फूंक शुरू की।

आरोप है कि अली ने अलग-अलग किस्तों में पीड़ित से करीब दो लाख आठ हजार रुपये नकद और खाते के माध्यम से ले लिए। इसके बाद उसने एक लाख पांच हजार रुपये की और मांग की। जब पीड़ित ने पैसे देने से मना किया तो आरोपी ने धमकियां देनी शुरू कर दीं और तांत्रिक शक्ति से जान से मरवाने तक की बात कही।

पीड़ित का कहना है कि जब वह आरोपी से पैसे मांगने उसके पते पर पहुंचा तो वह वहां नहीं मिला और फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *