शुक्रवार शाम बाजार की ओर जा रही दो महिलाओं के साथ डीडी चौक के पास छेड़छाड़ की घटना सामने आई। आरोप है कि एक मनचले युवक ने महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करते हुए अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। महिलाओं ने पहले उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन युवक अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।
इसके बाद महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने युवक को मौके पर ही पकड़ लिया। महिलाओं ने चप्पलों से उसकी जमकर पिटाई कर दी। घटना को देखकर वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन युवक की हरकतों से नाराज महिलाएं उसे सबक सिखाने पर अड़ी रहीं।
इसी दौरान किसी ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पास में तैनात यातायात पुलिस कर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे और युवक को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस के सामने युवक ने महिलाओं के पैर पकड़कर माफी मांगी, तब जाकर महिलाएं शांत हुईं।
पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, इस घटना के बाद इलाके में चर्चा का विषय बना रहा कि सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सख्ती की जरूरत है।



