गदरपुर (उधम सिंह नगर)। गदरपुर क्षेत्र में संगठित साइबर धोखाधड़ी और अवैध बैंक लेन-देन का एक गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित गोपी चन्द्र पुत्र सुभाष चन्द्र, निवासी ग्राम लखनऊ, थाना गदरपुर ने कोतवाली गदरपुर में लिखित तहरीर देकर सत्यम, उसके भाई प्रशांत और पिता अनिल सिंह पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी, धमकी और अवैध धनराशि के लेन-देन का आरोप लगाया है।
पीड़ित के अनुसार दिनांक 05 जून 2025 को उसके मित्र नईम के माध्यम से उसकी मुलाकात सत्यम से हुई। सत्यम ने दावा किया कि उसके पिता ने हल्द्वानी में 1.50 करोड़ रुपये की संपत्ति बेची है और बैंक खातों की लिमिट पूरी होने के कारण वह शेष रकम अपने खाते में नहीं ले सकता। इसी बहाने उसने पीड़ित और उसके परिजनों व दोस्तों से बैंक खातों की जानकारी और कैंसिल चेक व्हाट्सएप पर मंगवा लिए।
6 जून से 18 जून 2025 के बीच गोपी चन्द्र, उसके भाई किशन कुमार और अन्य परिचितों के एसबीआई, एक्सिस बैंक व पीएनबी खातों में 4 से 5 लाख रुपये तक की रकम डलवाई गई और उसी दिन बैंक जाकर नकद निकलवा ली गई। कुछ ही दिनों बाद सभी संबंधित खातों को फ्रीज कर दिया गया और खातों में डाली गई रकम माइनस दिखने लगी। इतना ही नहीं, जिन लोगों से इन खातों के जरिए लेन-देन हुआ, उनके खाते भी फ्रीज हो गए।
जब पीड़ितों ने इस बारे में सत्यम और उसके परिवार से शिकायत की तो आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौच की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का दावा है कि सत्यम, उसका भाई और पिता गदरपुर क्षेत्र में दर्जनों लोगों के खातों का इस्तेमाल कर करोड़ों रुपये की अवैध धनराशि मंगवा रहे हैं और यह धोखाधड़ी अब तक जारी है।
पीड़ितों के पास व्हाट्सएप चैट, बैंक स्टेटमेंट और नकद निकासी के प्रमाण मौजूद हैं। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई, बैंक खाते अनफ्रीज कराने और जान-माल की सुरक्षा की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और साइबर एंगल से पूरे नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है।


