सिल्वर डस्ट के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा, दो व्यापारियों से 15 लाख की ठगी – कट्टों में निकली बालू

Share the news

रुद्रपुर। शहर में सिल्वर डस्ट खरीदने आए दो बाहरी व्यापारियों के साथ एक सनसनीखेज धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित व्यापारी उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के रहने वाले हैं, जो एक मोबाइल नंबर के जरिये संपर्क में आए एक व्यक्ति के बुलावे पर रुद्रपुर पहुंचे थे।

 

पीड़ितों का कहना है कि संदिग्ध व्यक्ति ने उन्हें जाफरपुर क्षेत्र में अपने तीन अन्य साथियों से मिलवाया। ये लोग एक बुलेरो वाहन में पहुंचे थे। दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद सिल्वर डस्ट का सौदा लगभग 15 लाख रुपये में तय हुआ। सौदे के अनुसार पीड़ितों ने मौके पर ही 14 लाख रुपये नकद जबकि 1 लाख रुपये ऑनलाइन UPI के माध्यम से भुगतान किया।

 

भुगतान प्राप्त करने के बाद आरोपियों ने उन्हें 15 कट्टे सिल्वर डस्ट बताकर सौंप दिए और बिल लेकर आने की बात कहकर वाहन में बैठकर चले गए। व्यापारी काफी देर तक उनका इंतजार करते रहे, लेकिन जब आरोपी वापस नहीं आए तो उन्होंने फोन के माध्यम से संपर्क करने की कोशिश की। सभी संदिग्धों के मोबाइल बंद मिले, जिसके बाद उन्हें अनहोनी का अंदेशा हुआ।

 

संदेह के चलते जब पीड़ितों ने कट्टों को खोला, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई—सभी कट्टों में महंगी सिल्वर डस्ट की जगह साधारण बालू भरी हुई थी। यह देख व्यापारी समझ गए कि उन्हें योजनाबद्ध तरीके से ठगा गया है।

 

पीड़ितों ने तुरंत घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी और मोबाइल नंबरों, वाहन संख्या तथा घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को पुलिस के साथ साझा किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

घटना के बाद व्यापारियों में आक्रोश है और सभी ने ऐसे गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी जल्द गिरफ्त में होंगे और पीड़ितों को न्याय दिलाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *