बिना जानकारी एचडीएफसी खाते पर 6.18 लाख का लोन, पांच लाख की ऑनलाइन ठगी, मोबाइल हैक कर रकम उड़ाने का आरोप, ट्रांजिट कैंप थाने में मुकदमा दर्ज

Share the news

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में साइबर ठगी का गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति के एचडीएफसी बैंक खाते से बिना उसकी जानकारी के 6.18 लाख रुपये का लोन स्वीकृत करा लिया गया और कुछ ही देर में पांच लाख रुपये निकाल लिए गए। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित के होश उड़ गए। उसने तत्काल पुलिस और बैंक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।

वार्ड नंबर एक शिमला बहादुर, ट्रांजिट कैंप निवासी कौशल गंगवार ने बताया कि तीन जनवरी की रात वह घर में सो रहा था। इसी दौरान उसके मोबाइल फोन पर मैसेज आया, जिसमें उसके एचडीएफसी बैंक खाते में 6.18 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत होकर जमा होने की सूचना मिली। जबकि उसने न तो किसी प्रकार का लोन आवेदन किया था और न ही किसी को इसकी अनुमति दी थी।

कुछ समय बाद दोबारा मैसेज आया, जिसमें खाते से एक लाख और चार लाख रुपये की रकम निकाले जाने की जानकारी दी गई। इससे घबराकर कौशल तुरंत एचडीएफसी बैंक की शाखा पहुंचा, जहां उसे बताया गया कि उसका मोबाइल फोन हैक कर लोन लिया गया है।

इसके बाद पीड़ित ने एहतियातन अपने सभी बैंक खाते, एटीएम कार्ड और अन्य डिजिटल सेवाएं ब्लॉक कराईं और साइबर क्राइम पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई। साथ ही उसने पुलिस से एचडीएफसी बैंक खाते से धोखाधड़ी कर लोन लेकर की गई ऑनलाइन ठगी के आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

थानाध्यक्ष ट्रांजिट कैंप मोहन पांडे ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है कि बैंक से लोन किस प्रक्रिया के तहत स्वीकृत हुआ और रकम किस तरह निकाली गई। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *