खंडहर में गैस सिलिंडरों का बड़ा जखीरा बरामद, गांजा और कच्ची शराब भी मिली, कालाबाजारी का खुलासा, कथित पत्रकार गिरफ्तार, प्रशासन सख्त कार्रवाई के मूड में

Share the news

गैस की किल्लत के बीच सिलिंडरों की कालाबाजारी पर शिकंजा कसते हुए पुलिस-प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। रविवार को मुखबिर की सूचना पर प्रशासनिक टीम ने आईटीआई कोतवाली क्षेत्र के ग्राम परमानंदपुर स्थित एक खंडहरनुमा पोल्ट्री फार्म में छापा मारकर भारी मात्रा में गैस सिलिंडर बरामद किए। मौके से 53 खाली और 16 भरे सिलिंडर, कुल 65 सिलिंडर बरामद हुए, जिन्हें अवैध रूप से छिपाकर रखा गया था।

कार्रवाई के दौरान टीम को खंडहर में छिपाकर रखा गया 3.17 किलोग्राम गांजा और करीब 100 लीटर कच्ची शराब भी मिली, जिससे मामला और गंभीर हो गया। पुलिस ने मौके से आरोपी जुबैर अली, निवासी घोसीपुरा पट्टीकला, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।

एसडीएम अभय प्रताप सिंह और तहसीलदार पंकज चंदोला को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह छापेमारी की गई। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर तन्मय मैथानी को बरामद सिलिंडरों की सुपुर्दगी दी गई है, जबकि गांजा और कच्ची शराब को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बीड़ी-सिगरेट के खोखे की आड़ में गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी और मादक पदार्थों का अवैध कारोबार चला रहा था। बताया जा रहा है कि जुबैर अली खुद को पत्रकार भी बताता है और पहले भी उसके खिलाफ इसी तरह के मामलों में कार्रवाई हो चुकी है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिलाधिकारी के निर्देश पर कालाबाजारी रोकने के लिए विशेष टीम गठित की गई है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी में लिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *