रुद्रपुर में एक पत्रकार को फोन पर जान से मारने और न्यूज चैनल को आग लगाने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। घटना के संबंध में थाना रुद्रपुर कोतवाली में तहरीर दी गई है।
जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 13, दूधिया निवासी सचिन चंद्र शर्मा, जो तेज न्यूज इंडिया 24 के एडिटर इन चीफ हैं, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 17 फरवरी 2026 की रात करीब 9:52 बजे उनके मोबाइल पर ग्राम तिरहा मिलक, जिला रामपुर निवासी राजीव कुमार पुत्र डोरी लाल का फोन आया। आरोप है कि कॉल के दौरान आरोपी ने अश्लील गालियां दीं और गंभीर आपराधिक धमकियां दीं।
तहरीर के मुताबिक आरोपी ने कहा कि वह “पत्रकारिता भुला देगा”, “गोली मार देगा” और न्यूज चैनल को आग लगाकर खत्म कर देगा।” शिकायतकर्ता का कहना है कि वह निष्पक्ष पत्रकारिता करते हैं और इसी वजह से द्वेषवश उन्हें धमकाया गया है।
पत्रकार ने आरोप लगाया कि इन धमकियों से उन्हें और उनके परिवार को वास्तविक जान-माल का खतरा पैदा हो गया है। उन्होंने पुलिस से भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कार्रवाई करने और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की जांच की जा रही है। मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पत्रकार संगठनों में भी आक्रोश देखा जा रहा है।



