नैनीताल जिले के नौकुचियाताल निवासी होटल मालिक राजेन्द्र कुमार पंत से 68 लाख रुपये से अधिक की ऑनलाइन धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि अक्टूबर 2025 में फेसबुक के माध्यम से उनकी पहचान ‘रिचा सचदेवा’ नाम की महिला से हुई, जिसने स्वयं को Hantec Markets का फॉरेक्स ट्रेडिंग सलाहकार बताया।
महिला ने विदेशी मुद्रा कारोबार में निवेश पर भारी मुनाफा दिलाने का भरोसा दिलाया। व्हाट्सएप और टेलीग्राम के जरिए लगातार संपर्क में रहकर कंपनी का लोगो और कथित ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म दिखाया गया, जिससे होटल व्यवसायी को विश्वास हो गया कि निवेश सुरक्षित है।
तहरीर के अनुसार 23 अक्टूबर 2025 से 13 फरवरी 2026 के बीच 11 अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 68,04,800 रुपये विभिन्न बैंक खातों में आरटीजीएस और एनईएफटी के जरिए ट्रांसफर कराए गए। यह रकम अलग-अलग फर्मों और व्यक्तियों के नाम पर संचालित खातों में भेजी गई। भुगतान आईडीबीआई बैंक और उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के खातों से किया गया।
जब होटल मालिक ने निवेश की गई धनराशि और मुनाफा निकालने का प्रयास किया तो आरोपियों ने टैक्स, मार्जिन मनी और अन्य शुल्क के नाम पर अतिरिक्त रकम की मांग शुरू कर दी। लगातार पैसों की मांग और भुगतान न होने पर पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संबंधित बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल प्लेटफॉर्म की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर निवेश के झांसे से सावधान रहें और किसी भी अनजान व्यक्ति को बड़ी धनराशि ट्रांसफर करने से पहले पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें।



