रुद्रपुर। शहर के काशीपुर रोड स्थित गाबा चौक के पास बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को राहगीरों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक की पहचान आधार कार्ड के आधार पर कर ली है और परिजनों से संपर्क किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार गाबा चौक के समीप फ्लावर क्षेत्र, काशीपुर रोड पर स्कूटी सवार युवक, एक बच्ची और एक अन्य व्यक्ति सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े मिले। बताया जा रहा है कि हादसा गदरपुर रोड फ्लाईओवर के पास हुआ, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसी दौरान वहां से गुजर रहे दो बाइक सवार युवकों ने मानवता दिखाते हुए तीनों घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि बच्ची समेत दो अन्य घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही आदर्श कॉलोनी पुलिस चौकी से कांस्टेबल दिनेश कुमार और हिमांशु टम्टा मौके पर पहुंचे। चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक की जेब से आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद हुए हैं। आधार कार्ड के अनुसार मृतक की पहचान सुनील पुत्र आपाती राम निवासी शिवनगर ट्रांजिट कैंप के रूप में हुई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। क्षेत्रीय पार्षद से संपर्क के बाद मृतक की पहचान की पुष्टि की गई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।



