पुरानी रंजिश में रची गई खौफनाक साजिश — लईक पर हमला कर सड़क हादसा दिखाने की कोशिश, पुलिस ने तीनों आरोपी चढ़ाए हवालात

Share the news

आईटीआई पुलिस ने तीन हमलावरों को दबोचा, कार और हथियार बरामद

रुद्रपुर। संवाददाता।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान को बड़ी सफलता मिली है। आईटीआई थाना पुलिस ने पुरानी रंजिश के चलते हुए जानलेवा हमले का खुलासा करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त वाहन, हॉकी और डंडे बरामद किए हैं।

 

घटना 28 अक्तूबर 2025 की है। वादी अनीस अहमद उर्फ पप्पू निवासी बसई इस्लामनगर, थाना कुंडा ने पुलिस को बताया कि उसके पुत्र लईक पर कुछ लोगों ने हमला कर गंभीर चोटें पहुंचाईं और मामले को सड़क दुर्घटना दिखाने का प्रयास किया गया।

 

पुलिस ने मौके से जुटाए साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी इनपुट के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। जांच में स्पष्ट हुआ कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि पूर्व नियोजित हमला था। तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने जाकिर, अरशद उर्फ भूरी उर्फ पुष्पा और रिहान को गिरफ्तार कर लिया।

 

पूछताछ में तीनों ने स्वीकार किया कि पुरानी रंजिश के चलते उन्होंने लईक को कार से टक्कर मारने के बाद जबरदस्ती वाहन में डालकर एकांत स्थान पर ले जाकर हॉकी और डंडों से बेरहमी से पीटा। उसे मृत समझकर सड़क किनारे फेंक दिया ताकि मामला दुर्घटना जैसा लगे।

 

बरामदगी में शामिल:

 

एक चारपहिया वाहन

 

एक हॉकी

 

दो डंडे

 

 

गिरफ्तार अभियुक्त:

1️⃣ जाकिर पुत्र स्व. छोटे, निवासी बसई इस्लामनगर, थाना कुंडा (उम्र 35 वर्ष)

2️⃣ अरशद उर्फ भूरी उर्फ पुष्पा पुत्र साबिर, निवासी ग्राम आमना, नई मस्जिद के पीछे, इस्लामनगर (उम्र 18 वर्ष)

3️⃣ रिहान पुत्र स्व. शकील अहमद, निवासी नई मस्जिद के पीछे, इस्लामनगर

 

अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास:

मुख्य अभियुक्त जाकिर पूर्व में कई मामलों में जेल जा चुका है। वह स्वयं को सरकारी अधिकारी बताकर लोगों से अवैध वसूली करता था।

इसके विरुद्ध थाना जसपुर में दर्ज हैं —

 

मु.अ.सं. 118/2018 धारा 379/411 भा.दं.सं. व 41/102 द.प्र.सं.

 

मु.अ.सं. 120/2018 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट

 

मु.अ.सं. 306/2022 धारा 384/170 भा.दं.सं.

 

 

अन्य अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास का संकलन जारी है। तीनों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है, जबकि फरार साथियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने कहा कि अपराध करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जनपद में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों पर सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *