ड्यूटी से लौटते समय भीषण हादसा, ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई बाइक, दो युवकों की मौके पर मौत

Share the news

काशीपुर, संवाददाता

ड्यूटी समाप्त कर कमरे पर लौट रहे दो युवकों की बाइक शनिवार देर रात लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, थाना भगतपुर क्षेत्र के ग्राम भदगवां निवासी ऋषभ (25) पुत्र राकेश सिंह और मोहित (28) पुत्र स्वर्गीय कल्याण सिंह महुआखेड़ागंज में किराए के कमरे में रहते थे। दोनों अलीगंज रोड स्थित प्रोलोफिक पेपर मिल में नौकरी करते थे और शनिवार देर रात शिफ्ट खत्म होने के बाद एक ही बाइक से अपने कमरे की ओर लौट रहे थे।

 

जैसे ही उनकी बाइक रेलवे फाटक से पहले रेड टेप फैक्ट्री के मोड़ पर पहुंची, तभी सामने से लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक मुड़ गई। पीछे से आ रही बाइक ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

 

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *