रुड़की। हरिद्वार जिले के पिरान कलियर थाना क्षेत्र में स्थित एक मदरसे से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। मदरसे में तीन शिक्षिकाओं के साथ मारपीट और छेड़छाड़ की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पीड़िताओं ने मौलवी समेत सात आरोपियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है।
पीड़ित शिक्षिका ने पुलिस को बताया कि वह कई वर्षों से मदरसे में बच्चों को पढ़ा रही थी। बीती 12 अक्टूबर को जब वह कक्षा में थी, तभी मौलवी किसी बहाने से उसे अपने कमरे में बुला लिया और छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने महिला को बुरी तरह पीट दिया।
इस बीच, जब अन्य दो शिक्षिकाएं उसे बचाने पहुंचीं, तो मौलवी ने अपने साथियों — रिहान, मोहम्मद शाद, अफान, सुहैल, आरिस और समीर को बुलाकर तीनों शिक्षिकाओं पर हमला करा दिया। आरोप है कि आरोपियों ने कपड़े फाड़े और जान से मारने की धमकी तक दी।
पीड़िता ने बताया कि मौलवी पहले भी अश्लील हरकतें करता था, जिसकी शिकायत प्रबंधक से की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब पुलिस ने मौलवी सहित सातों आरोपियों के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट, धमकी और अश्लील हरकतें जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच जारी है और साक्ष्य के आधार पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।


