रुद्रपुर में भव्य शिव कॉरिडोर का ऐलान, 51 फुट शिव प्रतिमा, मिनी बाईपास और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स समेत पांच बड़ी घोषणाओं से बदलेगी शहर की तस्वीर

Share the news

रुद्रपुर में आस्था और विकास का नया अध्याय शुरू होने जा रहा है। महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पांच बड़ी घोषणाएं शहर की तस्वीर बदल देंगी। इनमें सबसे प्रमुख है भव्य शिव कॉरिडोर का निर्माण, जो रुद्रपुर को आस्था के बड़े केंद्र के रूप में स्थापित करेगा।

सोमवार को महापौर ने नीलकंठ धाम में रुद्राभिषेक कर प्रस्तावित शिव कॉरिडोर का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि गंगापुर रोड स्थित नीलकंठ धाम, गोल्ज्यू मंदिर, शिव मंदिर और गुरुचांद मंदिर परिसर को जोड़ते हुए त्रिभुजाकार स्वरूप में विकसित किया जाएगा। यहां 51 फुट ऊंची भगवान शिव की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी और कॉरिडोर को पर्यटन की दृष्टि से भी संवारा जाएगा।

महापौर ने कहा कि हाल ही में छह एकड़ भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है, जिस पर यह परियोजना साकार होगी। उन्होंने आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि यह भूमि किसी व्यक्तिगत हित के लिए नहीं बल्कि शहर की धार्मिक विरासत के लिए है।

मुख्यमंत्री की अन्य घोषणाओं में खेड़ा क्षेत्र में पर्यावरण मित्रों के लिए आधुनिक आवास, भूरारानी और गंगापुर रोड का चौड़ीकरण, अटरिया मोड़ से इंदिरा कॉलोनी तक मिनी बाईपास निर्माण और किच्छा रोड पर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की स्थापना शामिल है।

इसके अलावा 100 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया गया। त्रिशूल चौक के बाद अब डीडी चौक को 24 लाख रुपये की लागत से डमरू चौक के रूप में विकसित किया जाएगा।

महापौर ने कहा कि विकास, विरासत और अंत्योदय को साथ लेकर रुद्रपुर को नई पहचान दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *