रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में गैस सिलेंडर में आग लगने से हड़कंप, महिला व 8 वर्षीय बच्चा झुलसे, घर का सामान और बाइक जलकर राख

Share the news

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र अंतर्गत कृष्णा कॉलोनी में शुक्रवार देर शाम खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में अचानक आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में एक महिला और उसका 8 वर्षीय बच्चा झुलस गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों का उपचार जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कृष्णा कॉलोनी निवासी अरविंद के घर में गैस पर खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक सिलेंडर या चूल्हे से आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि घर में रखा घरेलू सामान जलकर राख हो गया, जबकि पास में खड़ी एक मोटरसाइकिल भी पूरी तरह आग की चपेट में आकर जल गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।

सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को घटना की जानकारी दी। अग्निशमन विभाग को शाम 5 बजकर 53 मिनट पर पीएफटी के माध्यम से आग की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन रुद्रपुर से अग्निशमन अधिकारी महेश चंद के नेतृत्व में फायर यूनिट तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर फायर यूनिट रुद्रपुर के मिनी हाई प्रेशर और फायर स्टेशन पंतनगर के बैकपैक सेट की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूर्ण रूप से काबू पाया गया। समय रहते आग बुझा लिए जाने से आसपास के घरों में आग फैलने का खतरा टल गया।

अग्निशमन अधिकारी महेश चंद ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण गैस लीकेज या चूल्हे में अचानक आग भड़कना प्रतीत हो रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि गैस सिलेंडर, रेगुलेटर और पाइप की नियमित जांच कराएं तथा खाना बनाते समय पूरी सतर्कता बरतें। फिलहाल पुलिस और अग्निशमन विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *