महिला के घर घुसा पूर्व हत्या आरोपी, घर में छेड़छाड़ और सड़क पर तान दिया तमंचा।

Share the news

रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जिले के मुख्यालय रुद्रपुर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक बदमाश ने घर में घुसकर महिला से छेड़छाड़ की और शिकायत करने पर तमंचे के बल पर जान से मारने की धमकी दी। रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी के खिलाफ पहले से दिल्ली में हत्या का मुकदमा दर्ज है।

 

घर में घुसकर की अभद्रता

जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली है और वर्तमान में सामिया लेक सिटी में किराए के मकान में रह रही है। 22 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे कॉलोनी में ही रहने वाला रवि यादव जबरन महिला के घर में घुस आया। आरोपी ने महिला के साथ अभद्रता करते हुए छेड़छाड़ की। किसी तरह महिला ने खुद को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया और घर से बाहर भाग निकली। आरोपी इसके बाद अपनी कार से फरार हो गया।

 

शिकायत पर तमंचे से धमकाया

महिला ने घटना की जानकारी अपने पति को दी। दोनों जब शिकायत करने कोतवाली रुद्रपुर जा रहे थे, तभी हाईवे पर आरोपी रवि यादव ने अपनी कार लगाकर उनकी गाड़ी रोक ली। बताया गया कि आरोपी ने हाथ में तमंचा लहराते हुए पति-पत्नी को गोली मारने की धमकी दी और कहा कि अगर पुलिस में शिकायत की तो अंजाम बुरा होगा। डर के माहौल में दंपति किसी तरह वहां से बचकर कोतवाली पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई।

 

पहले भी रह चुका है जेल में

पीड़िता का कहना है कि आरोपी रवि यादव पहले भी दिल्ली में हत्या के मुकदमे में जेल जा चुका है और कॉलोनी में आए दिन दबंगई करता रहता है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले भी पुलिस ने उसे अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

 

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

रुद्रपुर कोतवाली के एसएसआई नवीन बुधानी ने बताया कि –

 

> “एक महिला के साथ छेड़छाड़ और तमंचे से धमकाने का मामला सामने आया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *