खेलते समय स्लाइडिंग गेट गिरा, पांच साल की मासूम की दर्दनाक मौत, घर का आंगन बना मातम, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम

Share the news

रामनगर। नैनीताल जिले के कालाढूंगी क्षेत्र से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां खेलते समय एक पांच वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि परिवार को संभलने का मौका तक नहीं मिला और चंद पलों में खुशियों से भरा घर मातम में बदल गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कालाढूंगी के वार्ड नंबर सात निवासी विक्रम सिंह अधिकारी की पांच वर्षीय पुत्री हस्मिता अधिकारी उर्फ गौरी रविवार देर शाम घर के आंगन में खेल रही थी। खेलते-खेलते मासूम लोहे के स्लाइडिंग गेट पर झूलने लगी। इसी दौरान अचानक गेट अपने ट्रैक से निकलकर सीधे बच्ची के ऊपर आ गिरा।

हादसे में बच्ची के सिर पर गंभीर चोट आई। परिजन तत्काल उसे लेकर कालाढूंगी अस्पताल पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए हल्द्वानी रेफर कर दिया। लेकिन दुर्भाग्यवश अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में बच्ची ने दम तोड़ दिया।

मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस आंगन में कुछ देर पहले तक बच्ची की किलकारियां गूंज रही थीं, वहां अब सन्नाटा पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं आसपास के लोग भी इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध हैं।

बताया जा रहा है कि बच्ची के पिता स्थानीय गैस एजेंसी में संविदा कर्मचारी हैं। घटना के बाद क्षेत्र के लोग शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए परिवार के घर पहुंच रहे हैं।

यह हादसा एक बार फिर घरों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। विशेषज्ञों का कहना है कि छोटे बच्चों को खेलते समय अकेला न छोड़ें और घर में लगे भारी उपकरणों व गेट आदि की नियमित जांच कराते रहें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *