शराब ठेके के स्टोर में लगी आग, एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत – पुलिस जांच में जुटी

Share the news

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से एक बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आई है। रोशनाबाद क्षेत्र में स्थित देशी शराब के ठेके के पीछे बने स्टोर में देर रात अचानक आग लग गई। इस हादसे में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत हो गई। सूचना मिलने पर सिडकुल थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।

 

पुलिस के मुताबिक देर रात डायल 112 पर सूचना मिली थी कि रोशनाबाद में शराब ठेके के पास रखे गत्तों में आग लगी है। मौके पर पहुंची पुलिस और फायर टीम ने पाया कि ठेके के पीछे स्थित टीन शेडनुमा खुले स्टोर में शराब की खाली पेट्टियों के गत्ते रखे थे, जिनमें आग लगी थी। आग बुझाने के बाद जब जली सामग्री को हटाया गया, तो गत्तों के बीच एक झुलसा हुआ शव बरामद हुआ, जो पूरी तरह जल जाने के कारण पहचान के योग्य नहीं था।

 

घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि स्टोर के किनारे ठंड से बचने के लिए कुछ लोगों ने गत्ते जलाए थे, जिससे आग फैल सकती है। स्टोर के बाहर रहने वाले काशी नामक व्यक्ति ने आग की सूचना पुलिस को दी। पूछताछ में उसने बताया कि अशोक नाम का एक युवक भी उसी स्टोर में सो रहा था। कई घुम्मकड़ लोग ठंड के दिनों में शराब पीने के बाद इसी स्टोर में गत्तों पर सो जाते हैं।

 

अशोक ने पुलिस को बताया कि आग लगने पर उसने वहां सो रहे एक युवक को उठाकर बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन उसे यह जानकारी नहीं थी कि पीछे भी कोई व्यक्ति सो रहा था, जो आग की चपेट में आ गया।

 

सिडकुल थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। मृतक की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर हरिद्वार जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *