गाजियाबाद से नैनीताल घूमने निकले परिवार पर टूटा कहर: सड़क दुर्घटना में पति-भाई की मौत, उपचार के दौरान दो बेटियों ने दम तोड़ा, मां ज्योति जिंदगी और मौत से जूझ रही

Share the news

 

काशीपुर। गाजियाबाद से नैनीताल घूमने निकला एक खुशहाल परिवार सड़क हादसे का शिकार होकर बर्बाद हो गया। 28 वर्षीय प्रदीप यादव अपनी पत्नी ज्योति, तीन वर्षीय अनन्या उर्फ परी, डेढ़ वर्षीय किट्टू, भाई राहुल यादव, रिश्तेदार दीपांशु और विवेक के साथ शुक्रवार तड़के नैनीताल की यात्रा पर निकले थे। किसी को अंदेशा नहीं था कि यह सफर उनके लिए मौत बनकर आएगा।

 

जानकारी के अनुसार, परिवार की कार बाजपुर से कालाढूंगी मार्ग होते हुए नैनीताल जा रही थी। तभी गणप्पू जंगल रेंज के पास अचानक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जोरदार टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सभी यात्री अंदर ही फंस गए।

 

स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने प्रदीप यादव और उनके साले राहुल यादव को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत काशीपुर के केवीआर अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन यहां भी हादसे की पीड़ा बढ़ती चली गई। उपचार के दौरान प्रदीप और ज्योति की मासूम बेटियां—डेढ़ वर्षीय किट्टू और तीन वर्षीय अनन्या—ने भी दम तोड़ दिया।

 

परिवार पर दुखों का ऐसा पहाड़ टूट पड़ा कि अस्पताल में हर कोई स्तब्ध रह गया। ज्योति का आपरेशन किया गया है और वह अब भी जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही हैं। वहीं विवेक और दीपांशु की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका उपचार जारी है।

 

हादसे ने पूरे परिवार की खुशियों को एक झटके में खत्म कर दिया। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *