112 पर झूठी हत्या की सूचना से रुद्रपुर में हड़कंप, हल्द्वानी से नशे में कॉल कर पुलिस को किया गुमराह, आरोपी की तलाश तेज

Share the news

झूठी हत्या की सूचना से मचा हड़कंप, 112 पर कॉल कर पुलिस को किया गुमराह

रुद्रपुर। शहर की बंगाली इंदिरा कॉलोनी में महिला की हत्या की सूचना से शुक्रवार को पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई। आपातकालीन सेवा 112 पर मिली इस सूचना के बाद कंट्रोल रूम से तत्काल रुद्रपुर कोतवाली पुलिस को अलर्ट किया गया। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम बिना देर किए बताए गए पते पर पहुंची और पूरे इलाके में जांच शुरू कर दी।

मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने कॉलोनी के लोगों से पूछताछ की, लेकिन किसी भी घर में ऐसी घटना की पुष्टि नहीं हो सकी। पुलिस ने आसपास के कई मकानों में भी पड़ताल की, मगर कहीं भी महिला की हत्या जैसी कोई वारदात सामने नहीं आई। काफी देर तक छानबीन के बाद स्पष्ट हो गया कि सूचना भ्रामक थी।

जांच के दौरान यह भी पता चला कि कॉल करने वाला व्यक्ति हल्द्वानी क्षेत्र से फोन कर रहा था। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि कॉल करने वाला नशे की हालत में था। जब पुलिस ने दिए गए नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया तो फोन बंद मिला।

एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पुलिस टीम भेजी गई थी, लेकिन मौके पर कोई घटना नहीं मिली। उन्होंने कहा कि झूठी सूचना देने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, क्योंकि इससे पुलिस संसाधनों और समय की अनावश्यक बर्बादी होती है।

पुलिस ने संबंधित व्यक्ति की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने के प्रयास तेज कर दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि आपातकालीन सेवाओं का दुरुपयोग करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *