गूगल से मिला फर्जी कस्टमर केयर नंबर बना मुसीबत, दो लाख की ऑनलाइन ठगी
रुद्रपुर। गूगल पर सर्च कर बैंक कस्टमर केयर का नंबर ढूंढना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। साइबर ठग ने खुद को बैंक कर्मचारी बताकर पीड़ित के मोबाइल में फर्जी एप डाउनलोड करा दी और उसके खाते से दो लाख रुपये उड़ा लिए। मामले में साइबर क्राइम पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सिंह कॉलोनी गली नंबर-04, थाना रुद्रपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर निवासी कलमिन्द्र सिंह पुत्र स्वर्गीय अजीत सिंह ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन कुमाऊं परिक्षेत्र रुद्रपुर में शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि उनका खाता पंजाब नेशनल बैंक में है और वह अपने मोबाइल में पीएनबी वन एप का उपयोग करते हैं। 27 और 28 फरवरी को जब उन्होंने पीएनबी वन एप खोलने का प्रयास किया तो वह नहीं खुल पाया।
इसके बाद 1 मार्च को उन्होंने गूगल पर पंजाब नेशनल बैंक के कस्टमर केयर का नंबर सर्च किया। सर्च के दौरान मिले एक नंबर पर उन्होंने कॉल कर दी। फोन उठाने वाले व्यक्ति ने खुद को बैंक का कस्टमर केयर कर्मचारी बताया और समस्या हल करने का भरोसा दिया।
पीड़ित के अनुसार आरोपी ने उनके व्हाट्सएप पर पीएनबी वन नाम की एक APK फाइल भेजी और उसे डाउनलोड कर उसमें बैंक से संबंधित जानकारी भरने को कहा। असली कर्मचारी समझकर पीड़ित ने बताए अनुसार एप डाउनलोड कर उसमें अपनी बैंक डिटेल दर्ज कर दी। इसके बाद उनका मोबाइल हैक हो गया और कुछ ही देर में उनके पंजाब नेशनल बैंक खाते से 25-25 हजार रुपये के आठ ट्रांजेक्शन कर कुल दो लाख रुपये निकाल लिए गए।
घटना के बाद पीड़ित ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और बैंक स्टेटमेंट, कॉल डिटेल व व्हाट्सएप स्क्रीनशॉट पुलिस को साक्ष्य के रूप में सौंप दिए।
साइबर क्राइम कंट्रोल इंस्पेक्टर अरुण कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




