रुद्रपुर।
छुट्टी पर घर गए एक फैक्ट्री कर्मी ने अवैध कमाई के लालच में जंगल से भांग मलकर चरस तैयार कर ली और उसे बेचने के इरादे से रुद्रपुर ले आया, लेकिन पुलिस की सतर्कता ने उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 806 ग्राम चरस बरामद की है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि रविवार देर रात आवास विकास चौकी प्रभारी प्रकाश चंद्र और एसआई मनोज जलाल पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान जब पुलिस टीम सिडकुल रोड पार कर फुलसुंगी तिराहे के पास पहुंची तो एक युवक हाथ में भूरे रंग का थैला लेकर आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही युवक घबरा गया और तेज कदमों से भागने का प्रयास करने लगा। शक होने पर पुलिस कर्मियों ने तत्काल घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम अनिल कुमार पुत्र इन्द्र कुमार निवासी ग्राम नरतोला, मुक्तेश्वर, जनपद नैनीताल बताया। तलाशी लेने पर उसके थैले से 806 ग्राम चरस बरामद हुई। एसएसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान अनिल कुमार ने स्वीकार किया कि वह ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में किराए के मकान में रहता है और बजाज मोटर्स फैक्ट्री में काम करता है। कुछ दिन पहले छुट्टी लेकर वह अपने गांव गया था, जहां जंगलों में भांग की भरमार होने के चलते उसने लालच में आकर भांग मलकर चरस तैयार की।
आरोपी ने बताया कि वह इस चरस को रुद्रपुर और ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में बेचने की फिराक में था। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर सोमवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किसी बड़े नशा तस्कर गिरोह से तो नहीं जुड़ा हुआ




