मंडी में डबल मर्डर से सनसनी, युवक-युवती के सिर कुचले शव बरामद, पहचान मिटाने की कोशिश, पुलिस जांच तेज

Share the news

हल्द्वानी से इस वक्त की बड़ी खबर… बरेली रोड स्थित मंडी परिसर में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक और एक युवती के शव संदिग्ध हालात में बरामद किए गए। दोनों के सिर बुरी तरह कुचले हुए पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।

गुरुवार सुबह जब मंडी में काम के लिए मजदूर और व्यापारी पहुंचे, तो सुनसान हिस्से में पड़े दो शवों को देखकर उनके होश उड़ गए। तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सार्वजनिक स्थान पर दो शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के चेहरों को पत्थर से कुचला गया है, जिससे उनकी पहचान छिपाने की कोशिश की गई प्रतीत होती है। आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने युवक और युवती की हत्या कहीं और कर शवों को मंडी परिसर में लाकर फेंका। मृतकों के पास से मिले पहचान पत्र भी संदिग्ध बताए जा रहे हैं। युवक के पास से दो आईडी कार्ड मिले हैं, जिनमें एक चंपावत और दूसरा अल्मोड़ा जनपद का बताया जा रहा है।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, एसपी सिटी मनोज कत्याल, सीओ अमित कुमार और कोतवाल विजय मेहता सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। घटनास्थल को सील कर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, दोनों की उम्र लगभग 20 से 25 वर्ष के बीच आंकी गई है। फिलहाल मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और गुमशुदगी की रिपोर्टों से मिलान किया जा रहा है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *