उत्तराखंड के दिनेशपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। पति–पत्नी के बीच चल रहे तनाव के बीच सास की कथित पिटाई से मौत हो गई। मामले में बहू और उसके मायके पक्ष के लोगों पर सुनियोजित हमला कराने का आरोप लगा है।
घटना बुधवार देर रात की बताई जा रही है। मृतका के पुत्र ने थाने में दी तहरीर में आरोप लगाया है कि घर में काफी समय से पति–पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। देर रात कहासुनी बढ़ने पर बहू ने अपने मायके पक्ष के लोगों को घर बुला लिया। आरोप है कि इसके बाद पहुंचे लोगों ने एकजुट होकर उसकी मां के साथ बेरहमी से मारपीट की।
तहरीर के अनुसार महिला को कमरे में बंद कर पीटा गया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक महिला गंभीर रूप से घायल हो चुकी थी। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस को सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पुत्र की तहरीर के आधार पर नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मायके पक्ष के कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।
अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है।




