रंग गिरने पर उपजा विवाद, खूनी संघर्ष में बदला, चार घायल,होली खेलने के दौरान दूसरे समुदाय के युवक पर गिर गया था रंग, मौके से जाने के बाद साथियों को बुलाकर पहुंचे युवक, फिर पथराव और मारपीट

Share the news

एक पक्ष ने दी तहरीर, पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी खंगाले जा रहे

रुद्रपुर, संवाददाता

रुद्रपुर में होली खेलने के दौरान दूसरे समुदाय के युवक पर रंग गिरने से उपजे विवाद गुरुवार देर रात खूनी संघर्ष में बदल गया। इस दौरान दो समुदाय के लोगों में जमकर मारपीट और पथराव हुए जिसमें चार युवक घायल हो गए। पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, भूतबंगला क्षेत्र में कुछ युवक डीजे पर होली खेल रहे थे और नाच-गाना चल रहा था। इसी दौरान भूतबंगला निवासी ई-रिक्शा चालक वहां से गुजर रहा था। बताया जा रहा है कि इस दौरान उस पर रंग गिर गया, जिसको लेकर वहां मौजूद युवकों से उसका विवाद हो गया। कुछ देर कहासुनी के बाद युवक वहां से चला गया, लेकिन उसने अपने साथियों को घटना की जानकारी दे दी। बताया जा रहा है कि इसके बाद दूसरे समुदाय के कई युवक मौके पर पहुंच गए और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर चलाने शुरू कर दिए। इस दौरान जुबैर पुत्र शकील, अजय पुत्र रामचंद्र, साहिल पुत्र छोटे और महेंद्र पुत्र मुन्नीलाल घायल हो गए। घटना से इलाके में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घटना के बाद एक पक्ष के लोग कार्रवाई की मांग को लेकर रम्पुरा चौकी पहुंच गए और हंगामा करने लगे।

 

भूत बंगले में हुए विवाद में मारपीट और पथराव के बाद कार्रवाई की मांग को लेकर एक पक्ष के लोग महिलाओं समेत रमपुरा चौकी पहुंचे। इस दौरान एक महिला ने आरोप लगाया कि चौकी में मौजूद सिविल ड्रेस पुलिसकर्मी पर उसपर जूता मारा है। हालांकि मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर स्थिति संभाली।

रम्पुरा चौकी में हंगामे की सूचना मिलने पर कोतवाल मनोज रतूड़ी भी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। कोतवाल ने बताया कि महिला द्वारा लगाए गए जूता मारने के आरोप निराधार हैं, पुलिसकर्मी ने केवल डांट दिया था। मारपीट के मामले में तहरीर मिली है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *