होली पर रंग पड़ने से शुरू हुआ विवाद, पथराव-मारपीट; महिला से अभद्रता पर हेड कांस्टेबल लाइन हाजिर

Share the news

रुद्रपुर। भूतबंगला क्षेत्र में होली के दौरान रंग पड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते दो पक्षों के बीच मारपीट और पथराव में बदल गया। घटना के बाद पुलिस चौकी में हंगामे की स्थिति बन गई। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार नामजद युवकों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि महिला से अभद्रता के आरोप में हेड कांस्टेबल ललित मोहन बोरा को लाइन हाजिर कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार भूतबंगला क्षेत्र में कुछ युवक डीजे पर होली खेलते हुए नाच-गाना कर रहे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक ई-रिक्शा चालक पर रंग पड़ गया। इसे लेकर उसका युवकों से विवाद हो गया। कुछ देर कहासुनी के बाद वह वहां से चला गया और अपने साथियों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद दूसरे पक्ष के कई युवक मौके पर पहुंच गए और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों ओर से ईंट-पत्थर चलने लगे।

घटना में जुबैर पुत्र शकील, अजय पुत्र रामचंद्र, साहिल पुत्र छोटे और महेंद्र पुत्र मुन्नीलाल घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति को काबू में किया।

घटना के बाद एक पक्ष के लोग महिलाओं के साथ कार्रवाई की मांग को लेकर रमपुरा चौकी पहुंच गए। इसी दौरान एक महिला ने सिविल ड्रेस में मौजूद पुलिसकर्मी पर जूते से मारने और अभद्रता का आरोप लगाया। हालांकि पुलिस का कहना है कि केवल डांट-फटकार की गई थी। मामले के तूल पकड़ने पर जांच के बाद हेड कांस्टेबल ललित मोहन बोरा को लाइन हाजिर कर दिया गया है।

पुलिस ने मारपीट और पथराव के मामले में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

इनसेट:

मामले की जानकारी मिलने पर विधायक शिव अरोरा भी कोतवाली पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी लेकर उचित कार्रवाई करने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *