पंतनगर लौटते वक्त मौत का तांडव: तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दो लोगों को रौंदा, एक की मौके पर मौत, दूसरे ने अस्पताल में तोड़ा दम, क्षेत्र में शोक लहर

Share the news

ऊधम सिंह नगर में डंपर का कहर: पार्टी से लौट रहे दो बाइक सवारों की दर्दनाक मौत

रुद्रपुर/पंतनगर। जनपद ऊधम सिंह नगर के किच्छा क्षेत्र में देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। हादसा दरऊ चौक के पास उस समय हुआ, जब दोनों व्यक्ति पंतनगर क्षेत्र से एक पार्टी में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान 62 वर्षीय मोहन स्वरूप पुत्र सुखलाल एवं करीब 45 वर्षीय हसिक अहमद पुत्र फकीर अहमद के रूप में हुई है। दोनों रामपुर जनपद के थाना खजुरिया अंतर्गत ग्राम लखीमीपुर के निवासी बताए जा रहे हैं। बताया गया है कि दोनों पंतनगर के फूलबाग क्षेत्र में शाकिर अहमद के यहां आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे।

देर रात भोजन के बाद जब दोनों बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे, तभी दरऊ चौक के समीप एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोहन स्वरूप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल हसिक अहमद को आनन-फानन में नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी (सीओ) भूपेंद्र सिंह धौनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना बताया जा रहा है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है और तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की बात कही है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर अंकुश लगाया जा सके। वहीं पुलिस ने भी वाहन चालकों से अपील की है कि विशेषकर रात के समय सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *