मिड-डे मील के लिए मासूम से उठवाया गैस सिलिंडर, ड्रेस में लाइन में खड़ा छात्र, शिक्षकों की संवेदनहीनता उजागर, शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े

Share the news

मिड-डे मील के लिए छात्र से उठवाया गैस सिलिंडर, सिस्टम पर सवाल

रुद्रपुर। भविष्य गढ़ने वाले स्कूलों की संवेदनहीनता की एक चौंकाने वाली तस्वीर शुक्रवार को सामने आई, जब एक सरकारी स्कूल का मासूम छात्र गैस एजेंसी के बाहर सिलिंडर लेने के लिए लाइन में खड़ा मिला।

मामला रम्पुरा स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय का है, जहां कक्षा पांच का छात्र अमित स्कूल ड्रेस में इंडेन गैस एजेंसी, गावा चौक पर सिलिंडर लेने के लिए कतार में खड़ा था। बारिश के बीच सड़क किनारे खड़े इस बच्चे को देख लोगों की नजरें ठहर गईं।

बातचीत में छात्र ने बताया कि वह घर के लिए नहीं, बल्कि स्कूल में मिड-डे मील बनाने के लिए सिलिंडर लेने आया है। उसने बताया कि अंग्रेजी का पेपर देने के बाद उसे सीधे एजेंसी भेज दिया गया। उसके साथ भोजनमाता अन्नू भी मौजूद थीं।

जानकारी के मुताबिक, स्कूल में मिड-डे मील बनाने के लिए गैस खत्म हो गई थी, लेकिन शिक्षक खुद जाने के बजाय छात्र को ही सिलिंडर लेने भेज दिया। इस घटना ने शिक्षा व्यवस्था और शिक्षकों की जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

इस मामले पर हरेंद्र मिश्रा, जिला शिक्षा अधिकारी, ऊधम सिंह नगर ने कहा कि उन्हें इस संबंध में जानकारी नहीं है। यदि ऐसा हुआ है तो यह गंभीर लापरवाही है और जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

बड़ा सवाल: आखिर कक्षा पांच के मासूम से यह जोखिम भरा काम क्यों लिया गया, जबकि स्कूल में जिम्मेदार शिक्षक मौजूद थे?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *