दिल्ली, संवाददाता।
राजधानी दिल्ली सोमवार शाम एक ज़बरदस्त धमाके से दहल गई। लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास खड़ी एक कार में अचानक हुए विस्फोट से इलाके में हड़कंप मच गया। इस शक्तिशाली धमाके से आसपास खड़ी आठ गाड़ियां जलकर खाक हो गईं और कई वाहनों के शीशे चकनाचूर हो गए।
सूत्रों के अनुसार, इस धमाके में 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई घायल हैं। घायलों को लोकनायक अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है।
घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शाम करीब 6 बजे तेज़ धमाके की आवाज़ पूरे इलाके में गूंजी। आसपास की इमारतों और दुकानों के शीशे टूट गए। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, “मैं गुरुद्वारे में था जब ज़बरदस्त धमाका हुआ। बाहर निकले तो देखा कई गाड़ियों में आग लगी हुई थी और लोग इधर-उधर भाग रहे थे।”
दमकल की 7 गाड़ियां मौके पर
दिल्ली फायर सर्विस के मुताबिक, धमाके की सूचना मिलते ही दमकल की 7 गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और आग पर काबू पा लिया गया। फायर सर्विस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि धमाका इतना शक्तिशाली था कि कई मीटर दूर खड़ी गाड़ियां और आसपास की इमारतें भी प्रभावित हुईं।
दिल्ली पुलिस ने जारी किया हाई अलर्ट
धमाके के बाद दिल्ली पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और जांच के लिए फॉरेंसिक टीम मौके पर मौजूद है। दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि कार पार्क में खड़ी थी और उसी में विस्फोट हुआ। विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
अस्पतालों में अलर्ट, एंटी-टेरर स्क्वाड सक्रिय
दिल्ली पुलिस ने सभी नज़दीकी अस्पतालों में अलर्ट जारी कर दिया है। वहीं, एंटी-टेरर स्क्वाड (ATS) और स्पेशल सेल की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच गई हैं।
दिल्ली में सुरक्षा बढ़ाई गई
घटना के बाद राजधानी के सभी प्रमुख इलाकों—इंडिया गेट, संसद भवन, इंद्रप्रस्थ मार्ग और मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन जांच जारी है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।



