हरिद्वार के कनखल थाना क्षेत्र में भाजपा नेता से 24 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक बड़े शराब कारोबारी ने अपने छह साथियों के साथ मिलकर पार्टनरशिप का झांसा देकर यह रकम हड़प ली। पैसे वापस मांगने पर पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी गई।
कनखल इंदु एंक्लेव निवासी भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष मयंक गुप्ता ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनके भाई हिमांशु गुप्ता के माध्यम से उनकी पहचान सुरेन्द्र कश्यप, प्रमोद जयसवाल, राहुल बंसल और सुधीर सिंह से हुई थी। इन लोगों ने अपने अन्य साथियों प्रिया जयसवाल, श्यामलाल यादव और पप्पू उर्फ श्यामलाल के साथ मिलकर “मैसर्स वरदान एसोसियट” नाम से फर्म बना रखी है, जिसका कार्यालय राजा गार्डन, जगजीतपुर कनखल में है।
आरोप है कि उक्त फर्म शराब के ठेके, रेस्टोरेंट, पब, बार, रिजॉर्ट और होटल निर्माण जैसे कारोबार से जुड़ी हुई है। आरोपियों ने पीड़ित को फर्म और शराब की दुकानों में पार्टनर बनाने का आश्वासन दिया। इसी भरोसे पर मयंक गुप्ता ने पहले 14 लाख 50 हजार रुपये और बाद में 9 लाख 50 हजार रुपये वरदान एसोसियट के खाते में जमा कराए। आरोपियों ने जल्द पार्टनरशिप डीड तैयार कराने की बात कही थी।
पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद आरोपी टालमटोल करने लगे। जब उन्होंने अन्य पार्टनरों से संपर्क कर जानकारी ली तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। पैसे वापस मांगने पर आरोपियों ने उन्हें धमकियां दीं। कई जगह शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने अंततः कोर्ट का रुख किया।
कोर्ट के आदेश पर कनखल थाना पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कनखल थाना प्रभारी मनोहर रावत ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




