पंतनगर। शांतिपुरी क्रॉसिंग के पास सोमवार शाम ओवरटेक के दौरान तेज रफ्तार बस ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों की मौत हो गई। एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे ने किच्छा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचते ही अंतिम सांस ली। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई और सड़क पर वाहनों की कतार लग गई।
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे सेंचुरी पल्प एंड पेपर की बस (यूके 06 पीए 0383) कंपनी से ड्यूटी पूरी कर निकले कर्मचारियों को किच्छा छोड़ने जा रही थी। शांतिपुरी क्रॉसिंग से कुछ पहले राज हार्डवेयर के पास ओवरटेक करने के दौरान बस की किच्छा की ओर से आ रही बाइक (यूके 04 जेड 9879) से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पंतनगर पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इनमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि दूसरे ने सीएचसी किच्छा पहुंचते ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने एक शव पोस्टमार्टम के लिए रुद्रपुर भेज दिया।
मृतकों की पहचान मुखानी, हल्द्वानी निवासी कुलदीप अरोरा (49) पुत्र गुरुबख्श अरोरा और हल्द्वानी निवासी गुलशन कुशवाहा (48) के रूप में हुई। पुलिस को दोनों की जेब से मिले आधार कार्ड और मोबाइल के आधार पर परिजनों को सूचना दी गई। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे दोनों युवकों के मित्र बदहवास हो गए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को बस में रखवाकर थाने भिजवा दिया।
