हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने जताई जान का खतरा, बोले- मेरी गाड़ी का कराया जा सकता है एक्सीडेंट

गैरसैंण सत्र में आत्मदाह की चेतावनी, परिवार के फोन टैप कराने और एआई से वीडियो-रिकॉर्डिंग वायरल करने की जताई आशंका

हल्द्वानी। कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में एक ऐसा गिरोह सक्रिय है, जो नेताओं के फोन टैप कर रहा है। उनका दावा है कि उनके पूरे परिवार के फोन भी टैप कराए जा रहे हैं। विधायक ने आशंका जताई कि उनकी गाड़ी का कभी भी एक्सीडेंट कराया जा सकता है। अपनी बात रखते हुए वह भावुक हो गए और कहा कि उनका जीवन खतरे में है। उन्होंने सरकार से न्याय और सुरक्षा की मांग की।

 

सुमित हृदयेश ने आरोप लगाया कि कुछ लोग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के माध्यम से उनकी कॉल रिकॉर्डिंग और वीडियो तैयार कर उन्हें वायरल कर सकते हैं। उन्होंने इस मामले में मुख्यमंत्री से शिकायत करने की बात कही। साथ ही बताया कि अप्रैल 2025 में उन्होंने एसएसपी को लिखित शिकायत दी थी। विधायक के मुताबिक, कथित गिरोह में कुछ बड़े लोग भी शामिल हैं और इससे जुड़ी गतिविधियों की जांच होनी चाहिए।

 

विधायक ने चेतावनी दी कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वह गैरसैंण में होने वाले विधानसभा सत्र के दौरान आत्मदाह करेंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें और उनके बच्चों को नुकसान पहुंचाए जाने की आशंका है। इस दौरान उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर करते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की।