12 घंटे में पुलिस ने खोला राज
देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र में 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला रेखा बंसल की हत्या का पुलिस ने महज 12 घंटे में खुलासा कर दिया। हत्या का आरोपी कोई बाहरी नहीं, बल्कि परिवार का परिचित और पूर्व नौकर विनीत कुमार निकला। पुलिस के मुताबिक आरोपी की दिनेश बंसल पर 18 हजार रुपये की मजदूरी बकाया थी। रकम को लेकर विवाद के बाद उसने रेखा बंसल पर हमला किया और पकड़े जाने के डर से उनका मुंह दबा दिया। महिला की मौत के बाद आरोपी सोने का कंगन लेकर फरार हो गया।
तीन सितंबर को दिनेश बंसल ने पुलिस को सूचना दी कि उनकी पत्नी घर में अचेत पड़ी हैं और चेहरे पर चोट के निशान हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को मृत पाया। हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने सीसीटीवी, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच शुरू की। जांच में विनीत की भूमिका सामने आने पर उसे त्रिलोक गेस्ट हाउस के पास से दबोच लिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में वारदात कबूल की। उसकी निशानदेही पर मृतका का सोने का कंगन और वारदात के दौरान पहना गया कड़ा बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को बीएनएस की संबंधित धाराओं में गिरफ्तार कर लिया है।
