38 ब्लैक स्पॉट सुधरे, दो जल्द होंगे दुरुस्त; 42 स्थानों पर लगेंगे कैमरे, सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में ‘नो हेलमेट-नो पेट्रोल’, अवैध कट और ओवरलोडिंग पर सख्ती के निर्देश

रुद्रपुर। बरसात के बाद जिले की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के साथ सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। बुधवार को डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में ब्लैक स्पॉट के सुधारीकरण, सीसीटीवी कैमरे लगाने, अवैध कट बंद करने और यातायात नियमों के सख्त अनुपालन पर जोर दिया गया।

एडीएम ने सड़क निर्माण से जुड़े विभागों को बरसात के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों और गड्ढों का चिन्हीकरण कर बजट की मांग समय से भेजने के निर्देश दिए। सर्विस लेन पर अवैध रूप से खड़े वाहनों और अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी करने के साथ ही टोल प्लाजा पर ओवरलोड वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग और एनएचएआई को सख्त चालानी कार्रवाई के निर्देश दिए।

सड़क सुरक्षा के लिहाज से पुलिस द्वारा चिह्नित 12 स्थानों पर कैमरे लगाने तथा अन्य 30 स्थानों पर एनओसी लेकर कैमरे स्थापित करने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा गया। एनएचएआई द्वारा चिह्नित 40 ब्लैक स्पॉट में से 38 का सुधार कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष दो ब्लैक स्पॉट को भी शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।

एडीएम ने जिला पूर्ति अधिकारी को जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर ‘नो हेलमेट-नो पेट्रोल’ नियम सख्ती से लागू कराने को कहा। राष्ट्रीय राजमार्गों पर अनधिकृत रूप से बनाए गए कट बंद करने का भी निर्णय लिया गया। साथ ही प्रधानमंत्री राहत योजना की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए टोल प्लाजा और तहसील स्तर पर फ्लेक्स लगाने के निर्देश दिए।

बैठक में एसपी सिटी डॉ. उत्तम सिंह नेगी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और कई अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।