गदरपुर। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami और गदरपुर विधायक Arvind Pandey के बीच राजनीतिक और व्यक्तिगत निकटता एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई। शनिवार को गदरपुर में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय क्याकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता की तैयारियों का निरीक्षण करने पहुंचे मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम समाप्त होने के बाद विधायक अरविंद पांडे के आवास पहुंचकर उनके बच्चों को आशीर्वाद दिया।
मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं तय मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेलों के विकास, खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसे आयोजनों से प्रदेश में साहसिक खेलों को बढ़ावा मिलने के साथ पर्यटन, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
हालांकि निरीक्षण कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री का विधायक अरविंद पांडे के आवास पहुंचना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय रहा। मुख्यमंत्री ने पांडे परिवार के बच्चों को आशीर्वाद दिया और कुछ समय परिवार के साथ बिताया। इसे धामी और पांडे के बीच लंबे समय से चले आ रहे आत्मीय संबंधों का संकेत माना जा रहा है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पार्टी संगठन और सरकार में अहम भूमिका निभाने वाले अरविंद पांडे को मुख्यमंत्री का यह विशेष स्नेह उनके मजबूत राजनीतिक कद को भी दर्शाता है। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी Nitin Singh Bhadauria, अपर जिलाधिकारी Kaustubh Mishra समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
यह मुलाकात गदरपुर की राजनीति में धामी-पांडे की मजबूत साझेदारी और आपसी विश्वास को लेकर नई चर्चाओं को जन्म दे गई है।




