चार साल बेमिसाल: रुद्रपुर में विकास का महाउत्सव, सीएम पुष्कर सिंह धामी ने गिनाईं उपलब्धियां, योजनाओं की बरसात, जनता को मिला सीधा लाभ

Share the news

सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मेडिकल कॉलेज परिसर में “4 साल बेमिसाल” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक शिव अरोरा, महापौर विकास शर्मा, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला और जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने दीप प्रज्वलित कर किया, जबकि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून से वर्चुअल संबोधन दिया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रदेशवासियों को नवरात्र की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनता ने चार वर्ष पूर्व जो विश्वास जताया था, सरकार उस पर खरी उतरने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को विकास के नए आयाम तक पहुंचाना है, जिसे केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गति मिली है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि बीते चार वर्षों में प्रदेश में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। जी-20 बैठकों, राष्ट्रीय खेलों और ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट जैसे बड़े आयोजनों से राज्य को नई पहचान मिली है। उन्होंने दावा किया कि राज्य की अर्थव्यवस्था में डेढ़ गुना वृद्धि, जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत बढ़ोतरी और प्रतिव्यक्ति आय में 41 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई है।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा लाभार्थियों को सहायता वितरित की गई। स्वयं सहायता समूहों को अनुदान, किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड, युवाओं को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र तथा दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण प्रदान किए गए।

इस अवसर पर आयोजित मेगा स्वास्थ्य शिविर में 1530 लोगों का उपचार किया गया, जहां विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच व निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।

जनपद के विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में आमजन की भागीदारी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *