नवरात्र में नॉनवेज बिक्री पर सख्ती: रुद्रपुर में KFC-बर्गर किंग पर छापा, नियम तोड़ने पर चालान, नगर निगम की चेतावनी—आगे दुकान सीज तक होगी कार्रवाई

Share the news

रुद्रपुर। चैत्र नवरात्र के दौरान मांस बिक्री पर लगाए गए प्रतिबंध के बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर नगर निगम ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। गुरुवार को महापौर विकास शर्मा के निर्देश पर निगम की टीम ने शहर में ताबड़तोड़ छापेमारी अभियान चलाया, जिसमें दो बड़े फास्ट फूड प्रतिष्ठानों पर नॉनवेज मिलने पर चालान काटे गए।

नगर निगम प्रशासन ने 19 मार्च से 27 मार्च तक कच्चे और पके हुए मांस की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लागू किया है। यह आदेश केवल मीट की दुकानों तक सीमित नहीं है, बल्कि सभी होटल, रेस्टोरेंट और फूड आउटलेट्स पर भी लागू है, जहां मांसाहारी व्यंजन तैयार या परोसे जाते हैं। प्रशासन का उद्देश्य नवरात्र के पावन पर्व के दौरान शहर की धार्मिक मर्यादा और स्वच्छता बनाए रखना है।

इसी क्रम में गुरुवार को नगर निगम की टीम ने मीट बाजार समेत विभिन्न इलाकों में सघन जांच अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान मेट्रोपोलिस मॉल स्थित केएफसी और बर्गर किंग में प्रतिबंध के बावजूद नॉनवेज खाद्य सामग्री पाई गई। इस पर दोनों प्रतिष्ठानों के खिलाफ 5-5 हजार रुपये के चालान की कार्रवाई की गई और उन्हें सख्त चेतावनी भी दी गई।

अभियान में जसवीर सिंह, भूपेंद्र कुमार, विजय समेत नगर निगम के अन्य कर्मचारी और सुरक्षाकर्मी मौजूद रहे। टीम ने अन्य दुकानदारों को भी नियमों का पालन करने की हिदायत दी।

महापौर विकास शर्मा ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर मांस का प्रदर्शन और बिक्री श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत कर सकती है, इसलिए प्रतिबंध को सख्ती से लागू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आगे भी ऐसे ही छापेमारी अभियान जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, यहां तक कि दुकानों को सीज करने की भी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *