सितारगंज जेल में कैदी की संदिग्ध मौत से हड़कंप, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप, शरीर पर निशान का दावा, निष्पक्ष जांच की मांग तेज, पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी सच्चाई

Share the news

ऊधमसिंह नगर जिले के सितारगंज स्थित केंद्रीय कारागार में बंद एक कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों ने मौत पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, हरियाणा के सोनीपत निवासी 50 वर्षीय आनंद सिंह को 11 सितंबर 2025 को नैनीताल हाईकोर्ट द्वारा एनडीपीएस मामले में चार वर्ष की सजा सुनाई गई थी। इसके बाद 29 सितंबर को उसे केंद्रीय कारागार सितारगंज लाया गया, जहां वह सजा काट रहा था। बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर आनंद सिंह ने लो ब्लड प्रेशर और एसिडिटी की शिकायत की थी। इस पर जेल में तैनात फार्मासिस्ट द्वारा उसे प्राथमिक उपचार दिया गया। हालांकि देर रात अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में उसे उप जिला चिकित्सालय सितारगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही मंगलवार को परिजन अस्पताल पहुंच गए। तहसीलदार हिमांशु जोशी ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया। मृतक के भाई ने बताया कि सोमवार को ही उनकी आनंद सिंह से बातचीत हुई थी और वह पूरी तरह स्वस्थ था। उनका दावा है कि आनंद सिंह को कोई गंभीर बीमारी नहीं थी। परिजनों ने मृतक के शरीर पर लाल निशान होने का आरोप लगाते हुए मौत को संदिग्ध बताया है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

वहीं, उप जिला चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुलदीप यादव ने बताया कि कैदी को देर रात करीब साढ़े 11 बजे मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था और शरीर पर किसी प्रकार के लाल निशान नहीं पाए गए। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल, इस घटना के बाद जेल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पर सवाल खड़े हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *