रुद्रपुर। काठगोदाम से जम्मूतवी के बीच संचालित होने वाली ट्रेन संख्या 12207 जम्मूतवी गरीब रथ एक्सप्रेस के बंद होने से नाराज व्यापारियों ने इसके पुनः संचालन की मांग तेज कर दी है। इसी क्रम में रुद्रपुर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और व्यापारियों ने क्षेत्रीय रेल उपभोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्य सरदार भूपेंद्र सिंह से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा।
व्यापारियों ने कहा कि गरीब रथ एक्सप्रेस पिछले करीब 15 वर्षों से क्षेत्र की महत्वपूर्ण रेल सेवा रही है और यह ट्रेन हमेशा यात्रियों से भरी रहती थी। लेकिन करीब चार माह से इसका संचालन बंद होने के कारण रुद्रपुर समेत आसपास के कई क्षेत्रों के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारियों के अनुसार यह ट्रेन पहले हर मंगलवार को काठगोदाम से जम्मूतवी के लिए रवाना होती थी, जिससे रुद्रपुर, नानकमत्ता, सितारगंज, बाजपुर, किच्छा और गदरपुर क्षेत्र के हजारों यात्री लाभान्वित होते थे।
उन्होंने बताया कि इस ट्रेन से माता वैष्णो देवी दरबार जाने वाले श्रद्धालु, राधा स्वामी डेरा ब्यास जाने वाली संगत, जम्मू बॉर्डर और पठानकोट छावनी जाने वाले सैनिक, जालंधर स्थित देवी तालाब मंदिर जाने वाले भक्त तथा पंजाब के शहरों में व्यापारिक कार्यों के लिए जाने वाले व्यापारी बड़ी संख्या में सफर करते थे। इसके अलावा तराई क्षेत्र के अनेक परिवारों की रिश्तेदारी पंजाब में होने के कारण भी इस ट्रेन का उपयोग काफी अधिक होता था।
व्यापारियों का कहना है कि ट्रेन के अचानक बंद होने से यात्रियों को दूसरे साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे उन्हें समय और धन दोनों की अतिरिक्त हानि उठानी पड़ रही है। व्यापार मंडल ने रेलवे प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए ट्रेन संख्या 12207 जम्मूतवी गरीब रथ एक्सप्रेस का संचालन पूर्व की भांति दोबारा शुरू करने की मांग की है। साथ ही यात्रियों की सुविधा को देखते हुए इसका संचालन सप्ताह में कम से कम तीन दिन करने का सुझाव भी दिया गया।
इस दौरान सरदार भूपेंद्र सिंह ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि इस मुद्दे को रेलवे बोर्ड की आगामी बैठक में रखा जाएगा और ट्रेन के पुनः संचालन के लिए प्रयास किए जाएंगे।
ज्ञापन देने वालों में प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिला महामंत्री निर्मल हंसपाल, जिला उपाध्यक्ष सतपाल गाबा, सुरमुख सिंह विर्क, महानगर अध्यक्ष संजय जुनेजा, पार्षद इंद्रजीत सिंह समेत कई व्यापारी मौजूद




