रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप वार्ड नंबर दो से नाबालिग किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है, जिसे लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। पीड़ित पिता का आरोप है कि दो फरवरी को वह किसी कार्य से किच्छा गए हुए थे। उस समय घर पर उनकी पत्नी और बच्चे मौजूद थे। दोपहर में जब उन्होंने घर फोन किया तो नंबर लगातार व्यस्त मिला। इसके बाद जब वह शाम को घर लौटे तो पता चला कि उनकी इंटर में पढ़ने वाली नाबालिग पुत्री घर से गायब है।
पीड़ित का आरोप है कि उन्होंने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में किशोरी की काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि एक युवक, जो बिहार का निवासी बताया जा रहा है, उनकी पुत्री से लगातार फोन पर संपर्क में रहता था। इस पर पीड़ित ने ट्रांजिट कैंप कोतवाली में तहरीर देकर युवक पर किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाया और कार्रवाई की मांग की।
मामले को लेकर सोमवार को एक राजनीतिक दल के स्थानीय नेता की अगुवाई में कार्यकर्ता ट्रांजिट कैंप कोतवाली पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि एक सप्ताह बीत जाने के बावजूद पुलिस न तो किशोरी को बरामद कर पाई है और न ही आरोपी युवक की गिरफ्तारी हो सकी है। उन्होंने जल्द कार्रवाई की मांग की। वहीं, एक जनप्रतिनिधि ने भी फोन के माध्यम से पुलिस से सख्त कदम उठाने की बात कही। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



