सरकार हर मोर्चे पर फेल: यशपाल आर्या का आरोप, भ्रष्टाचार चरम पर, 16 फरवरी को देहरादून में कांग्रेस का राजभवन घेराव

रुद्रपुर में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड इस समय बेहद कठिन दौर से गुजर रहा है। सरकार अपने चार साल पूरे कर अब पांचवें साल में प्रवेश कर चुकी है, लेकिन इन पांच वर्षों में जनता को सिर्फ निराशा हाथ लगी है। यशपाल आर्या ने आरोप लगाया कि कांग्रेस विधायकों ने संसद में कई सवाल उठाए, मगर सरकार हर बार जवाब देने से बचती रही, क्योंकि सरकार के पास सवालों के जवाब ही नहीं हैं।

सोमवार को काशीपुर बाईपास स्थित एक होटल में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या और उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी ने कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ बैठक कर 16 फरवरी को देहरादून में होने वाले राजभवन घेराव को लेकर रणनीति बनाई। यशपाल आर्या ने बताया कि इस घेराव के लिए ऊधम सिंह नगर से करीब सात हजार कांग्रेसी देहरादून जाएंगे।

प्रेसवार्ता में उन्होंने सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताते हुए कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार की सारी सीमाएं टूट चुकी हैं। मंसूरी में पर्यटन विभाग की जमीन पर 23 करोड़ का लोन लेकर सौंदर्यीकरण किया गया और बाद में जमीन को बेहद कम दरों पर लीज पर दे दिया गया। वहीं रामगढ़ में उद्यान विभाग की योजना बंद किए जाने और पहाड़ की नदियों के दोहन को लेकर भी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। यशपाल आर्या ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है, जो राज्य के लिए चिंता का विषय है।

Advertisement