रुद्रपुर में नाबालिग समेत तीन युवकों पर हमला, 7–8 युवकों पर मारपीट के आरोप

Share the news

रुद्रपुर के रम्पुरा वार्ड नंबर-24 क्षेत्र में तीन युवकों के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता सावित्री पत्नी भूपेन्द्र ने कोतवाली रुद्रपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उसके 16 वर्षीय बेटे समेत तीन लड़कों पर रास्ते में घात लगाकर हमला किया गया।

तहरीर के अनुसार, घटना 6 फरवरी 2026 की शाम करीब पांच बजे की है। सावित्री का नाबालिग बेटा संदीप अपने दोस्तों देव पुत्र राजेन्द्र और हरिओम पुत्र वीरेंद्र के साथ दुकान से घर लौट रहा था। जैसे ही तीनों सीर गोटिया मस्जिद के सामने पहुंचे, वहां मौजूद 7–8 युवकों ने बिना किसी कारण उनके साथ लात-घूंसों और बेल्टों से मारपीट शुरू कर दी।

हमले में संदीप, देव और हरिओम को गंभीर चोटें आईं। देव के सिर में बेल्ट लगने से गहरी चोट आई, जिससे काफी खून बहा। संदीप की पीठ पर बेल्ट से मारने के कई निशान पाए गए हैं, जबकि हरिओम के शरीर में भी चोटें आई हैं।

घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए ले जाया गया। पीड़िता ने चौकी इंचार्ज कोतवाली रुद्रपुर को तहरीर सौंपते हुए हमलावरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *