खटीमा हत्या कांड का खुलासा, पुलिस ने शेष तीन नामजद अभियुक्तों को किया गिरफ्तार, अब तक सात आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल

Share the news

खटीमा।

एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में खटीमा पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले में नामजद शेष तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। इससे पूर्व इस प्रकरण में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा चुका है। आरोपियों पर युवक की चाकू से निर्मम हत्या करने का आरोप है।

घटना 12 दिसंबर 2025 की रात्रि लगभग 9 बजकर 25 मिनट की है, जब कोतवाली खटीमा क्षेत्र अंतर्गत रोडवेज बस स्टेशन के सामने आपसी विवाद के बाद मारपीट हुई। इस दौरान तुषार शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। वहीं इस घटना में सलमान और अभय उर्फ बाबू भी गंभीर रूप से घायल हुए थे।

मृतक तुषार के पिता मनोज शर्मा निवासी आश्रम पद्धति विद्यालय के पीछे वाली गली, खटीमा की तहरीर पर कोतवाली खटीमा में एफआईआर संख्या 336/2025 दर्ज की गई। मुकदमे में विभिन्न गंभीर धाराओं के अंतर्गत हाशिम, गुफरान, समीर, पप्पू चायवाला समेत अन्य को नामजद किया गया।

पुलिस जांच के दौरान घटनास्थल की सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया गया तथा घायल सलमान के बयान लिए गए। जांच में शहबाज का नाम गलत पाया गया, जबकि समीर उर्फ मैरी की संलिप्तता प्रकाश में आई। 13 दिसंबर की देर रात मुखबिर की सूचना पर कस्बा झनकट स्थित ईंट भट्टे के पास से अभियुक्त हाशिम को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया, जिसे न्यायालय में पेश कर उपकारागार हल्द्वानी भेजा गया।

इसके बाद 15 दिसंबर 2025 को अभियुक्त गुफरान, समीर उर्फ मैरी एवं मौसद्दीक उर्फ पप्पू चायवाला को गिरफ्तार किया गया। वहीं 5 फरवरी 2026 को शेष अभियुक्त मोहम्मद सुभान, हैदर अली एवं मोहम्मद रिजवान उर्फ मार्सल को नए रोडवेज बस अड्डे के पास से गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस टीम की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस की सक्रियता और सख्ती का स्पष्ट संदेश गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *