रुद्रपुर: काशीपुर बाईपास होगा चौड़ा, यूटिलिटी शिफ्टिंग शुरू, 60-60 फीट सड़क निर्माण से जाम की समस्या जल्द होगी खत्म

Share the news

रुद्रपुर।

रुद्रपुर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल काशीपुर बाईपास पर लगने वाले लंबे जाम से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। मंगलवार को विधायक शिव अरोरा ने पीडब्ल्यूडी, जल संस्थान और विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ काशीपुर बाईपास का पैदल निरीक्षण कर मौके की स्थिति देखी।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि बाईपास के डिवाइडर से दोनों ओर 60-60 फीट तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य किया जाएगा। इसके लिए पहले चरण में यूटिलिटी शिफ्टिंग का काम कराया जाएगा। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने जानकारी दी कि जल संस्थान और विद्युत विभाग को यूटिलिटी शिफ्टिंग के लिए धनराशि जारी कर दी गई है।

जल संस्थान के अधिशासी अभियंता ने बताया कि शिफ्टिंग कार्य के लिए 4 फरवरी को ई-टेंडर लगाया जाएगा और प्रक्रिया पूरी होते ही काम शुरू कर दिया जाएगा। वहीं विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता उमाकांत चतुर्वेदी ने बताया कि जहां जगह उपलब्ध है, वहां बिजली के खंभे लगाने और शिफ्टिंग का कार्य एक-दो दिन में शुरू कर दिया जाएगा।

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि सभी विभाग सड़क निर्माण को लेकर तैयार हैं। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे निर्माण कार्य में सहयोग करें और अपनी दुकानों के सामने किया गया अतिक्रमण स्वयं हटा लें। नगर निगम भी जल्द अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करेगा।

पीडब्ल्यूडी के अनुसार यूटिलिटी शिफ्टिंग के लिए करीब 2.90 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जबकि दूसरे चरण में लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से सड़क चौड़ीकरण का कार्य पूरा किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष के अंत तक बाईपास चौड़ीकरण कार्य पूरा करने का प्रयास किया जाएगा, जिससे लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सकेगी।

निरीक्षण के दौरान व्यापार मंडल के पदाधिकारी, स्थानीय व्यापारी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *