बिंदुखेड़ा में युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी
कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बिंदुखेड़ा में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक खेत में लगे पेड़ से युवक का शव लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते वहां भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दी।
सूचना पर एसएसआई अनिल जोशी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने क्षेत्र को सुरक्षित कर मौके का बारीकी से मुआयना किया और शव को पेड़ से उतरवाकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया।
पुलिस द्वारा की गई तलाशी के दौरान मृतक की जेब से एक आधार कार्ड बरामद हुआ, जिसके आधार पर उसकी पहचान की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक उत्तर प्रदेश का निवासी बताया जा रहा है, जो वर्तमान में रुद्रपुर के रम्पुरा क्षेत्र में रहकर कामकाज कर रहा था। पुलिस ने मृतक के परिजनों से संपर्क करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
एसएसआई अनिल जोशी ने बताया कि घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक बाइक भी खड़ी मिली है, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। फिलहाल पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को आत्महत्या मानकर जांच कर रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। क्षेत्र में हुई इस घटना से गांव में दहशत और शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।




