रुद्रपुर। जिस उम्र में हाथों में किताबें और आंखों में सपने होने चाहिए, उसी उम्र में अपराध की राह चुनना समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय बनता जा रहा है। ऐसा ही एक मामला रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां पुलिस ने चोरी के एक मामले में तीन अपचारी किशोरों को चोरी के माल के साथ पुलिस संरक्षण में लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था तथा क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर के दिशा-निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में की गई। पुलिस के अनुसार थाना ट्रांजिट कैंप में एफआईआर संख्या 29/2026 धारा 305(ए) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। वादी सन्नी जौहरी, निवासी आनंद विहार फुलसुंगा ने शिकायत दी थी कि 22 से 24 जनवरी 2026 के बीच उनके घर में अज्ञात चोरों ने घुसकर जेवरात चोरी कर लिए।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर 1 फरवरी 2026 की शाम पंचवटी कॉलोनी स्थित एक खाली प्लॉट से तीन बाल अपचारी किशोरों को चोरी के माल के साथ पकड़ लिया गया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 331(3) व 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
बरामद संपत्ति में पीली धातु का हार, तीन मंगलसूत्र, झुमके, ओम गुदा हुआ पेंडल, पायल, सिक्के और खड़ुवे शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि तीनों किशोरों के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
यह घटना न केवल कानून व्यवस्था बल्कि सामाजिक ताने-बाने पर भी सवाल खड़े करती है कि आखिर पढ़ाई की उम्र में बच्चे अपराध की ओर क्यों बढ़ रहे हैं।



