रोशनाबाद में गुरु रविदास जयंती की पूर्व संध्या पर भव्य शोभायात्रा

हरिद्वार, संवाददाता। संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती की पूर्व सांध्य पर रोशनाबाद में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह आयोजन गुरु रविदास की शिक्षाओं और समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया।

शोभायात्रा का शुभारंभ रोशनाबाद स्थित रविदास मंदिर से हुआ। यात्रा गांव के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए हेत्तमपुर स्थित डॉ. बीआर आंबेडकर भवन तक पहुंची और वहां से वापस मंदिर लौटकर समापन हुआ। यात्रा में संत रविदास की आकर्षक झांकी मुख्य आकर्षण बनी रही। जगह-जगह स्थानीय निवासियों ने फूलों की वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया और उत्साह बढ़ाया।
शोभायात्रा से पहले मंदिर परिसर में सभी के लिए भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर सर्व समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए, जिससे सामाजिक एकता और भाईचारे का सुंदर संदेश मिला।
समिति के अध्यक्ष राजबीर सिंह ने बताया कि यह शोभायात्रा पिछले 12 वर्षों से निरंतर आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी का संदेश आज भी प्रासंगिक है, जो जाति-पाति के भेदभाव को मिटाकर मानवता की सेवा पर जोर देता है। इस परंपरा को जीवित रखने के लिए समिति प्रतिबद्ध है।




